एनटीपीसी दुलंगा ने 79वें स्वतंत्रता दिवस को दुलंगा साइट कार्यालय में बड़े उत्साह के साथ मनाया

Spread the love

सुंदरगढ़। एनटीपीसी दुलंगा ने 79वें स्वतंत्रता दिवस को दुलंगा साइट कार्यालय में बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के तले एकजुट होकर स्वतंत्रता की भावना को अपनाया और देश के वीर सपूतों के बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एनटीपीसी दुलंगा के परियोजना प्रमुख  बृज राज प्रसून द्वारा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित सभी ने राष्ट्रगान गाया। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह, जिसमें विभागाध्यक्ष, सैनीक माइनिंग (एमडीओ) के गणमान्य व्यक्ति, कर्मचारी एवं उनके परिजन शामिल थे, को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का साक्षी बनने और गरिमा व गर्व के साथ जीने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने परियोजना के सभी विभागों के प्रयासों की सराहना की और सभी को भविष्य की चुनौतियों का डटकर सामना करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए “मेरिटोरियस अवॉर्ड” प्रदान किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत कर्मचारियों एवं सहयोगियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। प्रतिभागियों ने तिरंगे के साथ ‘हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ’ पर उत्साहपूर्वक सेल्फी लीं और उन्हें अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किया। कार्यक्रम का समापन मानव संसाधन प्रमुख नवीन अमिताभ बक्सला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी साझेदारों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया, जिसका सभी उपस्थित लोगों ने आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *