सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने नवाचार, निरंतर सुधार एवं कर्मचारी सहभागिता से उत्कृष्टता की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए परियोजना स्तरीय क्वालिटी सर्कल सम्मेलन–2026 का सफल आयोजन किया। सम्मेलन का शुभारंभ एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ एवं परियोजनाएँ), डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएँ), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन). एच.पी. देवांगन, महाप्रबंधक (वीएसआर ओवरहालिंग), सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन) तथा श्री अनिरुद्ध सिंह, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) उपस्थित रहे। अपने उद्घाटन संबोधन में एम. सुरेश ने गुणवत्ता मंडल टीमों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की तथा प्रचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में व्यावसायिक उत्कृष्टता (बीई) विभाग एवं गुणवत्ता मंडलों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

सम्मेलन में कुल 16 गुणवत्ता मंडल टीमों ने कार्यस्थल की व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान हेतु अपने अभिनव विचार एवं कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में सामूहिक प्रयास, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की सशक्त झलक देखने को मिली। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन राजीव कुमार, अपर महाप्रबंधक (ईईएमजी), श्री रंजन कुमार, अपर महाप्रबंधक (ग्रीन केमिकल्स) तथा क्यूसीएफआई, वाराणसी से बाह्य निर्णायक के रूप में आमंत्रित वरिष्ठ संकाय सदस्य एवं परामर्शदाता आरिफ हुसैन ने किया। निर्णायकों के बहुमूल्य सुझावों एवं मार्गदर्शन ने प्रतिभागियों के सीखने के अनुभव को और समृद्ध बनाया।
समापन समारोह में टीम विंध्य वाइकिंग्स ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि टीम उन्नति ने द्वितीय तथा टीम विंध्य विक्टर्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टीम प्रगति चक्र, टीम नवीन एवं टीम ब्लैक डायमंड को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मेलन ने टीम भावना, नवाचार एवं निरंतर सुधार के माध्यम से सतत उत्कृष्टता की ओर अग्रसर एनटीपीसी विंध्याचल के संकल्प को और मजबूत किया।
