रिमोट कंट्रोल डिवाइस लगाकर की जा रही बिजली चोरी का भंडाफोड़ 

Spread the love

प्रवर्तन दल एवं विद्युत विभाग द्वारा कराया गया अभियोग पंजीकृत 

अहरौरा, मिर्जापुर। जनपद में बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रवर्तन दल ने एक बड़े हाईटेक बिजली चोरी के मामले का खुलासा अहरौरा नगर क्षेत्र के सहुआइन पोखरा में किया है।  विभाग को अब तक की सबसे शातिर चोरी में एक फैक्ट्री संचालक मीटर के अंदर रिमोट कंट्रोल डिवाइस लगाकर बिजली चोरी कर रहा था। उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशन में मंगलवार रात कार्रवाई की गई। अधिशासी अभियंता शुभम मिश्रा ने बताया कि अहरौरा क्षेत्र के पोखरा सहुआइन में एक व्यवसाई कनेक्शन धारी हिमांशु गुप्ता द्वारा 26 किलोवाट का पावर कनेक्शन लिया गया था लेकिन उसके द्वारा मीटर में रिमोट कंट्रोल डिवाइडर लगाकर रात में बिजली चोरी की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि कनेक्शन धारी के विद्युत बिल में आ रही अत्यधिक कम मीटर रिडिंग को देखते हुए मंगलवार की रात लगभग नौ बजे प्रवर्तन दल प्रभारी उप निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में अवर अभियंता अरुण कुमार, मुख्य आरक्षी सिकन्दर सोनकर, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार गिरि, आरक्षी राकेश पाल शामिल रहे। वहीं विद्युत विभाग की तरफ से विद्युत वितरण खण्ड चुनार, उपखण्ड अधिकारी संजय यादव, अहरौरा और अवर अभियंता पंचधारी सिंह, उपकेन्द्र अहरौरा की टीम ने छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी।

जांच के दौरान विद्युत संयोजन संख्या पर स्थापित उपभोक्ता मीटर संख्या और पोल पर लगा डबल मीटर संख्या दोनों पूरी तरह बंद मिले जबकि परिसर में मशीनें चल रही थीं। संदेह होने पर मीटर को खोलकर चेक किया गया तो अंदर रिमोट से मीटर को बंद-चालू करने वाला मीटरिंग हस्तक्षेप उपकरण लगा मिला। जांच में पाया गया कि उपभोक्ता द्वारा स्वीकृत भार से लगभग दोगुना, कुल 44.24 किलोवाट 59.33 एचपी भार का उपयोग चोरी से किया जा रहा था।प्रवर्तन दल ने मौके पर साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं। आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुभम मिश्रा ने बताया कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित विद्युत चोरी है। इस तरह की डिवाइस से विभाग को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *