दादरी । एनटीपीसी दादरी ने बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026 का सफलतापूर्वक समापन किया। यह चार सप्ताह का आवासीय कार्यक्रम था, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं जीवन कौशलों के माध्यम से सशक्त बनाना था। इस वर्ष GEM-2026 में 12 सरकारी विद्यालयों से 113 छात्राओं ने भाग लिया।
समापन समारोह में ए. के. मिश्रा, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (दादरी) तथा काशिना चंद्रमौलि कार्यकारी निदेशक (SSEA) सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, छात्राएँ एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत, गणेश वंदना, गुजराती लोक नृत्य, भांगड़ा, नाट्य प्रस्तुति, महाभारत एवं मर्दानी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा योग, आत्मरक्षा, पीटी एवं एरोबिक्स का प्रदर्शन कर अपने आत्मविश्वास, अनुशासन एवं कौशल का परिचय दिया। अपने संबोधन में श्री मिश्रा ने छात्राओं के उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) की शुरुआत एनटीपीसी द्वारा वर्ष 2018 में की गई थी। इस पहल का उद्देश्य एनटीपीसी परियोजना क्षेत्रों के आसपास के गांवों की 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की वंचित बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है। यह कार्यक्रम लैंगिक असमानता को कम करने, सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देने तथा बालिकाओं को आत्मविश्वासी एवं स्वावलंबी नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करता है। ग्रीष्मकालीन कार्यशाला के उपरांत कार्यक्रम के अंतर्गत शीतकालीन अवकाश के दौरान एक सप्ताह की फॉलो-अप कार्यशाला भी आयोजित की जाती है। एनटीपीसी की यह पहल बालिका सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से अब तक 13,000 से अधिक बालिकाओं को लाभान्वित एवं सशक्त बनाया जा चुका है।
