NCL करेगा सी.एस.आर. फण्ड से वाराणसी के विद्यालयों का निमार्ण एवं कायाकल्प   

Spread the love

वाराणसी । कलेक्ट्रेट सभागार, वाराणसी में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एन.सी.एल.) एवं जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के मध्य सी.एस.आर. फण्ड के माध्यम से जनपद के विद्यालयों के विकास हेतु महत्वपूर्ण एम.ओ.यू. हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर सत्येन्द्र कुमार, जिलाधिकारी वाराणसी, प्रखर कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, राजीव रंजन, महाप्रबंधक एन.सी.एल. तथा संजय कुमार नायक, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण उपस्थित रहे। एम.ओ.यू. के अंतर्गत जनपद के 06 प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों का नवनिर्माण तथा 19 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार किया जाएगा। यह परियोजना शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के विद्यालयों को आच्छादित करेगी।

उल्लेखनीय है कि जनपद वाराणसी में एन.सी.एल. द्वारा सी.एस.आर. फण्ड के माध्यम से पूर्व से ही विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस नई परियोजना के अंतर्गत कुल लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा, जिसमें सिविल निर्माण, विद्युतीकरण, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था, सीसीटीवी, फर्नीचर तथा स्मार्ट क्लास की व्यवस्था शामिल है।परियोजना में शामिल अधिकांश विद्यालय जर्जर अवस्था में थे, जिनका कायाकल्प होने से शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। स्मार्ट क्लास की सुविधा से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में विशेष लाभ मिलेगा। यह पहल जनपद वाराणसी में शैक्षिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *