एनसीएल ने सिंगरौली में माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज के विस्तार हेतु किया एक और एमओयू

Spread the love

₹30.75 करोड़ की अतिरिक्त लागत से बनेगा कॉलेज का नया तल, माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज के विकास में एनसीएल कर रहा है ₹107 करोड़ से अधिक का सीएसआर व्यय

सोनभद्र, सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित प्रमुख अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), सिंगरौली परिक्षेत्र में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं औद्योगिक क्षमता निर्माण को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थापित किए जा रहे माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज के विस्तार हेतु एनसीएल एवं तकनीकी शिक्षा संचालनालय, भोपाल के मध्य 15 अक्टूबर 2026 को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।  इस एमओयू के तहत ₹30.75 करोड़ की अतिरिक्त लागत से निर्माणाधीन माइनिंग कॉलेज में एक अतिरिक्त तल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही संस्थान के विकास में एनसीएल का कुल सीएसआर व्यय ₹107 करोड़ से अधिक हो जाएगा।

सिंगरौली क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनसीएल ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में तकनीकी शिक्षा संचालनालय, भोपाल के साथ प्रारंभिक एमओयू किया था। इसके तहत ₹76.56 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। वित्तीय वर्ष 2025-26 तक इस परियोजना पर ₹43.47 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं। शेष ₹33 करोड़ से मूल परियोजना को मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

इस एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन तथा तकनीकी शिक्षा संचालनालय, भोपाल की ओर से अपर संचालक डॉ. मोहन सेन, आयुक्त, तकनीकी शिक्षा, भोपाल ने अवधेश शर्मा (आईएएस)  आयुक्त, तकनीकी शिक्षा, भोपाल की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। अतिरिक्त निर्माण के अंतर्गत कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, ट्यूटोरियल कक्षों, संकाय कक्षों, सभागार, पुस्तकालय एवं कंप्यूटिंग सुविधाओं सहित आवश्यक शैक्षणिक अधोसंरचना का विकास किया जाएगा। फर्नीचर, उपकरणों एवं मशीनरी की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा है।

संस्थान को वर्ष 2027 के शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ करने की योजना है। प्रथम चरण में यहां बी.टेक. के चार पाठ्यक्रम खनन अभियांत्रिकी में 120, ऊर्जा अभियांत्रिकी में 60, विद्युत अभियांत्रिकी में 60 तथा पर्यावरण अभियांत्रिकी में 60 सीटें प्रस्तावित हैं। इस प्रकार संस्थान में प्रतिवर्ष कुल 300 विद्यार्थियों को प्रवेश देने की योजना है। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में एनसीएल के प्रबंधक (सीएसआर) प्रशांत कुमार तथा शासकीय पॉलिटेक्निक, बैढ़न के प्राचार्य कैलाश तंतुवाय भी उपस्थित रहे। एनसीएल की यह पहल सिंगरौली क्षेत्र में उच्च तकनीकी शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने, स्थानीय युवाओं की रोजगारपरक दक्षताओं को विकसित करने तथा खनन एवं ऊर्जा क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *