शारीरिक विकास और प्रतिभा निखारने के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी : बिड़ला कार्बन
रेणुकूट l बिड़ला कार्बन रेणुकूट सीएसआर की ओर से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत गोद लिए गए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दुद्धी में आवासीय छात्राओं के लिए खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराई गई। बिड़ला कार्बन के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गयाl इस पहल से विद्यालय की छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उनके चेहरे खिल उठे। विद्यालय परिसर में छात्राओं को बड़े आकार का कैरम बोर्ड, स्किपिंग रोप, बैट-बॉल, बैडमिंटन रैकेट सहित विभिन्न प्रकार के इनडोर और आउटडोर खेलों की सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन विजयलक्ष्मी तथा शिक्षिकाओं ने बिड़ला कार्बन सीएसआर की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बिड़ला कार्बन सीएसआर का मानना है कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शारीरिक क्षमता, खेल भावना, अनुशासन और कौशल विकास भी बेहद आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से छात्राओं को पढ़ाई से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाता है। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए समय-समय पर छोटे-छोटे पुरस्कार भी दिए जाते हैं, जो उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इसके अतिरिक्त, बिड़ला कार्बन सीएसआर की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय म्योरपुर में छात्राओं की स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो शौचालयों का निर्माण कराया गया। विद्यालय में कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में होने वाली परेशानी को देखते हुए बड़े मंच का भी निर्माण कराया गया, जिससे छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।
विद्यालय की वार्डन आशा तथा शिक्षिकाओं शकुंतला, ममता, अपर्णा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी बिड़ला कार्बन सीएसआर के प्रयासों की सराहना की। इन पहलों से छात्राओं को शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
