बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नौजवान भारत सभा ने लगाया निःशुल्क मेडिकल कैम्प, सैकड़ो ग्रामीणों को मिला उपचार

Spread the love

आलापुर, अंबेडकर नगर।   बाढ़ प्रभावित इलाकों में संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नौजवान भारत सभा- अम्बेडकर नगर द्वारा दर्शन नगर बन्धे पर निःशुल्क मेडिकल कैम्प लगाया गया। कैम्प में लगभग 150 लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। इस दौरान लोगों को बाढ़ के बाद होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।नौजवान भारत सभा के मित्रसेन ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों से पानी निकल चुका है, लेकिन जल स्तर घटने के बाद जगह-जगह जमा गंदा पानी, कीचड़ और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है।

प्रभावित क्षेत्रों में सड़े-गले खर-पतवार तथा गड्ढों में जमा गंदा पानी बीमारियों के फैलने का कारण बन सकता है।हर वर्ष बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में डायरिया,चर्मरोग, खांसी- बुखार, डेंगू आदि बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं की जाती।मेडिकल कैम्प में चिकित्सकीय परीक्षण करते हुए डॉक्टर आर. के. यादव ने बताया कि दूषित पेयजल के सेवन से डायरिया (दस्त) हैजा, टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए (पीलिया) जैसी बीमारियां फैल सकती हैं।

जगह-जगह पानी जमा रहने से मच्छरों का लार्वा पनपता है,जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया का खतरा बढ़ जाता है वहीं दूषित कीचड़ और पानी के संपर्क में आने से त्वचा संबंधी संक्रमण,फंगल इन्फेक्शन, डर्मेटाइटिस तथा घावों में संक्रमण की समस्या हो सकती है।उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में घरों और आसपास के स्थानों की साफ-सफाई के साथ कीटनाशक और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाना चाहिए। जलभराव वाले स्थानों पर नंगे पैर जाने से बचना चाहिए और शरीर को ढककर रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील किया कि बुखार,दस्त या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह और इलाज करवाएं तथा पीने के पानी की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।नौजवान भारत सभा ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं साफ- सफाई और कीट नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की जाएतथा लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए ताकि बाढ़ के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों को रोका जा सके।मेडिकल कैम्प के दौरान सुरेश, रामधनी, रिंकू विश्वकर्मा सहित सैकड़ों अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *