*हिंडालको महान की पहल से ग्रामीणों को मिला विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ*
सोनभद्र, सिंगरौली। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हिंडालको महान की सीएसआर पहल प्रोजेक्ट आरोग्य के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाघाडीह में मिनी मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 524 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मेडिकल टीम में डॉ. साक्षी पांडे (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विवेक सिंह (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. राम तिवारी (नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ), डॉ. रमाशंकर गुप्ता (मेडिसिन विशेषज्ञ), डॉ. शैलेंद्र साकेत एवं डॉ. राजेश त्रिपाठी शामिल रहे। चिकित्सकों ने अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए।
शिविर के दौरान मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयों के वितरण की व्यवस्था की गई। मेडिकल टीम के साथ फार्मासिस्ट पंकज मिश्रा तथा सहयोगी नर्सिंग एवं मेडिकल स्टाफ राजेंद्र शुक्ला, जीडी सिंह, सुखेंद्र शुक्ला एवं रवि तिवारी ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर हिंडालको महान के कास्ट हाउस प्रमुख निर्दोष प्रसाद एवं सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह ने मेडिकल टीम का स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए ऐसे शिविरों की उपयोगिता पर जोर दिया।शिविर के सफल आयोजन में हिंडालको महान की सीएसआर टीम के राजीव रंजन, जीवन ज्योति पानी, धीरेन्द्र तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, दीपक, अरविंद, जियालाल, कमलेश, खलालु, रामललन, पिंकी, पंकज एवं बिहारी का सराहनीय योगदान रहा। वहीं ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र द्विवेदी एवं वर्तमान सरपंच राजकुमारी बियार ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
हिंडालको महान का प्रोजेक्ट आरोग्य ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, समय पर रोगों की पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बाघाडीह में आयोजित इस शिविर में 524 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना इसी प्रतिबद्धता की एक सार्थक पहल है।
