एनसीएल की सीएसआर पहल के तहत सिंगरौली में बनेगा आधुनिक 400-सीटर ऑडिटोरियम

Spread the love

एनसीएल व सिंगरौली जिला प्रशासन के बीच हुआ एमओयू

सोनभद्र, सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपनी सीएसआर पहल के तहत सिंगरौली में आधुनिक 400-सीटर ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए जिला प्रशासन सिंगरौली के साथ 25 सितंबर 2026 को एमओयू किया है। एमओयू पर सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल की उपस्थिति में एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन तथा जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर पी. एस. त्रिपाठी ने हस्ताक्षर किए।

इस परियोजना पर लगभग ₹12 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य सिंगरौली जिला मुख्यालय में एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण करना है, जिसका उपयोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। प्रस्तावित ऑडिटोरियम का निर्माण लगभग 3765 वर्ग मीटर भूमि पर किया जाएगा, जिसमें 346 वर्ग मीटर का गार्डन क्षेत्र भी शामिल है। परियोजना में सिविल निर्माण के साथ एचवीएसी, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा,  तथा ऑडिटोरियम से संबंधित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास शामिल है। परिसर में आवागमन के लिए मुख्य एवं आंतरिक सड़क तथा पैदल पथ का भी प्रावधान किया गया है।

यह परियोजना एनसीएल द्वारा सिंगरौली क्षेत्र में सामुदायिक एवं सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में की जा रही सीएसआर पहलों का हिस्सा है।

एनसीएल के सीएसआर मद से सोनभद्र के जनकल्याणकारी कार्यों को भी मिल रही है नई गति

सोनभद्र में एनसीएल के सीएसआर मद से ₹4.27 करोड़ के विकास कार्य कराए जाएंगे। 23 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एनसीएल एवं संबंधित विभागों के बीच प्रस्तावित कार्यों के लिए एमओयू हस्तांतरण किया गया। परियोजनाओं से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं जन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।प्रमुख कार्यों में बढ़ौली चौराहे के पास वेंडर जोन, दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो एंबुलेंस, चतरा एवं करमा में सीसी रोड तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *