अहरौरा, मिर्जापुर। कहते हैं कि यदि हौसले बुलंद हो और लक्ष्य के प्रति सच्ची लगन हो तो सीमित संसाधन भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती इसी कहावत को सच कर दिखाया है क्षेत्र के धुरिया गांव के विनय कुमार ने। निशुल्क स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर अहरौरा के बनस्थली महाविद्यालय के ग्राउंड पर प्रतिदिन पथरीली फील्ड पर दौड़ने वाले होनहार धावक विनय कुमार ने 70वीं विद्यालीय प्रदेशिय एथलेटिक्स प्रतियोगिता जिसका आयोजन मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक किया गया है में दूसरे दिन शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया है ।
विनय ने दोनों स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है । निशुल्क स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के कोच अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि विनय एक बेहद अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी है वह नियमित रूप से दिए गए वर्कआउट को पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतिदिन पूरा करता है ।
प्रशिक्षण के दौरान उसका समर्पण और सीखने की इच्छा साफ दिखाई देती है कोंच ने विश्वास जताया है कि आगामी होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में भी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दोहराते हुए पदक जीतकर प्रदेश व अपने जनपद का गौरव बढ़ाएगा । स्थानीय जय हिंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र विनय कुमार धुरिया अहरौरा के किसान सुभाष चंद्र का पुत्र है। विनय की जीत पर विद्यालय के परिवार में भी हर्ष का माहौल है प्रबंधक शुभेंद्र कुमार,प्रधानाध्यापक संतोष कुमार व अध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद पाण्डेय , कमलेश पांडेय सहित समस्त अध्यापकों ने इस उपलब्धि पर विनय को ढेर सारी बधाई दी है।
