*सेवानिवृत्त कर्मियों की सुविधा के लिए ‘कल्याण सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ*
नागपुर / वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) मुख्यालय में आज 31.11.2026 को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने निदेशक तकनीकी (संचालन) संदीप परांजपे एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय मधुकर म्हेत्रे की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने तथा देश की एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. पांडे ने राष्ट्र के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों, समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने एकता एवं सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आपसी सहयोग, समन्वय और टीम भावना किसी भी संगठन की मजबूती के प्रमुख आधार हैं। यही मूल्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वेकोलि की प्रगति एवं विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*सेवानिवृत्त कर्मियों की सुविधा के लिए ‘कल्याण सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ*
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वेकोलि द्वारा अपने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए ‘कल्याण सेतु’ (KALYAN SETU) पोर्टल का शुभारंभ किया गया। ‘आपकी सेवा, हमारा संकल्प’ के भाव को साकार करने वाली यह डिजिटल पहल सेवानिवृत्त कर्मियों के मेडिकल जीवन प्रमाण-पत्र (Life Certificate) को ऑनलाइन जमा करने की सुविधा प्रदान करेगी।
इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक एवं सुलभ बनाना है, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को इस कार्य के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े और वे घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकें। पोर्टल पर जमा किए गए जीवन प्रमाण-पत्र के आधार पर प्रचलित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार मेडिकल कार्ड के नवीनीकरण तथा पात्रतानुसार चिकित्सा सुविधाओं को जारी रखने की प्रक्रिया भी सुगम होगी।
पोर्टल के सुचारु क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों की सहायता के लिए वेकोलि के प्रत्येक क्षेत्र (Area) में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मियों को पंजीकरण, पोर्टल के उपयोग तथा जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा करने संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, उनकी शंकाओं एवं समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि सभी पात्र लाभार्थी इस सुविधा का सहजता से लाभ उठा सकें। इस पोर्टल की परिकल्पना एवं विकास वेकोलि के औद्योगिक संबंध विभाग तथा सिस्टम विभाग के संयुक्त प्रयासों से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
