सोनभद्र। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन, उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में सोमवार को जिले के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कोटेदारों के खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाले लाभांश में वृद्धि तथा न्यूनतम आय (मिनिमम इनकम गारंटी) लागू करने की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को मात्र 90 रुपये प्रति कुंतल का लाभांश मिलता है, जबकि हरियाणा, दिल्ली, गोवा और गुजरात जैसे राज्यों में इससे कहीं अधिक लाभांश या न्यूनतम आय की व्यवस्था है। कोटेदारों का कहना है कि वर्तमान लाभांश महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है, जिससे आर्थिक संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश के लगभग 80 हजार उचित दर विक्रेता अगस्त,2026 के खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार करेंगे और वितरण संबंधी सभी कार्यों से विरत रहेंगे। इससे होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी विभाग और शासन की होगी। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर 28 जुलाई,2026 को सुबह 10 बजे चारबाग स्थित रवींद्रालय के सामने से विधानसभा तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान कोन ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश कुमार, अजय विश्वकर्मा, अयोध्या प्रसाद, विनय कुमार कनौजिया, रणजीत कुमार, मनोज कुमार, सूर्यमणि भारती समेत बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाने हेतु डीएम को सौंपा ज्ञापन, अगस्त में राशन वितरण बहिष्कार की चेतावनी
