रेणुकूट। समाजसेवा की दिशा में सराहनीय कदम उठाते हुए बिड़ला कार्बन के सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व) विभाग द्वारा अटल आवासीय विद्यालय, गुरमुरा के 200 बच्चों को मच्छरदानी का वितरण किया गया। बदलते मौसम के साथ मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा था, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। इस स्थिति को देखते हुए बिड़ला कार्बन के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा निर्देशन में सीएसआर विभाग ने विद्यालय प्रशासन के अनुरोध पर यह पहल की। विद्यालय पूर्णतया आवासीय है, जिसमें वर्तमान में लगभग 630 बच्चे अध्ययनरत हैं। यह विद्यालय श्रम विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित है और मुख्य रूप से मजदूर वर्ग के बच्चों की शिक्षा व सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में एक भव्य वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीएलसी ए के सिंह, एएलसी विजय प्रताप सिंह तथा बिड़ला कार्बन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को मच्छरदानी वितरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है, और मच्छरों से बचाव इसके लिए अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय प्रशासन ने बिड़ला कार्बन प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से न केवल बच्चों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा, बल्कि उनमें स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। बिड़ला कार्बन के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि संस्था आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में समाज के हित में ऐसे कार्य करती रहेगी।
बिड़ला कार्बन के सीएसआर विभाग की पहल—अटल आवासीय विद्यालय के 200 बच्चों को मच्छरदानी वितरित
