रेणुकूट। नगर स्थित अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल में गुरुवार को विभिन्न खेलकूद एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मेडल जीतकर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले प्रतिभागियों की उपलब्धियों पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर रेजी ने बताया कि कक्षा 10 की छात्रा यशोधरा ने जिला स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया, जबकि कक्षा 11 के छात्र यथार्थ सिंह ने सिल्वर मेडल हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं जिला खो-खो एसोसिएशन की ओर से जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सीबीएसई की ओर से मिर्जापुर में आयोजित इंटर स्कूल प्रतियोगिता के अंतर्गत सेंट मैरी स्कूल में आयोजित मेरियन फेस्ट-2026 में भी निर्मला कॉन्वेंट के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की बालक खो-खो टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रस्साकशी प्रतियोगिता में टीम को ब्रांज मेडल मिला। भाव अभिव्यक्ति प्रतियोगिता में अदिति मौर्य, कृतिकांत चौबे और आयुष्मान सिंह ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं हिंदी स्टोरी राइटिंग में शुभांगी पांडेय ने ब्रांज मेडल प्राप्त किया। कोडिंग मास्टर्स प्रतियोगिता में रुद्राक्ष सिंह और स्वास्तिक नंदी ने भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सिस्टर रेजी ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धियां उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
