दीक्षा महिला मंडल की पहल, सीएमडी आवास के समीप पनशाला का किया गया उद्घाटन

Spread the love

धनबाद / गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से  सीएमडी आवास के समीप दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा एक पनशाला (पेयजल केंद्र) का शुभारंभ किया गया। इस पनशाला का उद्घाटन दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस पनशाला में राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए घड़े का ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, इस अवसर पर राहगीरों को छाछ, फल और शॉल भी प्रदान किए गए। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में यह पहल न केवल लोगों को त्वरित राहत प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति मंडल की संवेदनशीलता को भी प्रदर्शित करती है। इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती संचिता रॉय सहित मंडल की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई एवं आमजन की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। दीक्षा महिला मंडल का यह प्रयास न केवल गर्मी में राहत पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करता है।

दीक्षा महिला मंडल सदैव सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरतमंदों की सहायता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मंडल की निरंतर सक्रिय भागीदारी रही है। इसी कड़ी में यह पनशाला भी मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक और सराहनीय उदाहरण है। मंडल की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि पनशाला में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *