“हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं है, बल्कि एक-दूसरे को जोड़ने का कार्य करती है – किशोर कुमार होता

Spread the love

एनटीपीसी विंध्याचल में हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ, राष्ट्र के लिए निर्बाध विद्युत उत्पादन के साथ राजभाषा नीति के अनुपालन हेतु संकल्प

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने दिनांक 14.09.2026 को हिंदी पखवाड़ा 2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल ने यह स्पष्ट किया कि उसकी प्रथम प्राथमिकता राष्ट्र के लिए निर्बाध एवं सतत विद्युत उत्पादन है, परंतु साथ ही वह भारतीय संविधान की गरिमा का सत्य अनुपालन करते हुए राजभाषा नीति के निर्धारण एवं कार्यान्वयन हेतु भी सदैव प्रतिबद्ध है। हिंदी पखवाड़ा के शुभारंभ के अवसर पर कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी प्रतिज्ञा दिलाई तथा हिंदी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में अपना संदेश जारी किया।

अपने संदेश में कार्यकारी निदेशक ने कहा कि “हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं है, बल्कि एक-दूसरे को जोड़ने का कार्य करती है।” उन्होंने कहा कि एनटीपीसी विंध्याचल परिवार एक लघु भारत के रूप में जाना जाता है। यहाँ समस्त भारत से आकर अधिकारी-कर्मचारी देश की प्रगति के लिए विद्युत उत्पादन के पुनीत कार्य में अपना योगदान देते हैं और इसी के साथ राजभाषा हिंदी के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता ने सभी से आह्वान किया कि हम अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए दैनिक सरकारी कामकाज में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करें और राजभाषा के नियमों-नीतियों का पालन सुनिश्चित करें। इसी क्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश द्वारा भी डेली प्लानिंग मीटिंग के अंतर्गत उपस्थित सभी अधिकारियों को हिंदी की शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने दैनिक कार्यों, टिप्पणियों एवं पत्राचार में अधिक से अधिक हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 14 से 28 सितंबर 2026 तक एनटीपीसी विंध्याचल में विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *