राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा हिंदी सुवाक्य लेखन प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

धनबाद। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं इसके सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में कार्मिकों के लिए हिंदी सुवाक्य लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अपनी अभिरुचि, ज्ञान, भाषायी दक्षता एवं रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

उपस्थित प्रतिभागियों को दिए गए विभिन्न हिंदी शब्दों एवं विषयों पर संक्षिप्त, आकर्षक, प्रभावशाली एवं सारगर्भित वाक्य अथवा टैगलाइन तैयार करने का अवसर दिया गया, जिसमें कार्मिकों ने अपने विचारों को सरल, सहज एवं प्रभावी भाषा में प्रस्तुत करते हुए अपनी सृजनात्मकता एवं भाषायी कौशल का प्रदर्शन किया। इस पहल के माध्यम से हिंदी के रचनात्मक एवं व्यावहारिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत उपन्यास एवं कथा सम्राट स्व. मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ की गई। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। तत्पश्चात उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर एक संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष (राजभाषा)  मनीष मिश्रा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग एवं विस्तार राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि हिंदी के अधिकाधिक कार्यालयीन कार्य-व्यवहार के साथ इसके रचनात्मक एवं व्यावहारिक प्रयोग को भी प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी प्रयोग में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत अब तक हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली प्रतियोगिता, गृहणियों के लिए हिंदी निबंध लेखन, हिंदी मसौदा एवं पत्र लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में कल मुख्यालय स्तर पर हिंदी स्वरचित कविता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में भी राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े का समापन आगामी 28 सितंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर वरीय अधिकारी (मानव संसाधन/राजभाषा) सुश्री सुमेधा भारती तथा राजभाषा विभाग के  अनिरुद्ध नोनिया, श्रीमती पुष्पा केसरी,  मनोज रवानी,  चन्द्रदेव चौहान सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *