मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ का तोहफा; रक्षाबंधन पर महिलाओं को 3 दिन और 60 प्लस महिलाओं को आजीवन मुफ्त सफर की सुविधा
चंन्दौली। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जनपद के आईटीआई रेवसा सभागार में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने की। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से प्रसारित लाइव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभागार में उपस्थित सभी लोगों द्वारा देखा गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को 27 अगस्त से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क (मुफ्त) यात्रा की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
लाईव प्रसारण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 27, 28 और 29 को तो हर बेटी, हर मां, हर बहन और हर माता अपने सहयात्री के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस में या सिटी बस की सेवा में निशुल्क यात्रा कर सकेगी। इसके बाद 60 साल से ऊपर की महिलाएं आईडी कार्ड दिखा कर उम्रभर फ्री में बस यात्रा कर सकेंगी। 60 प्लस महिलाएं उत्तर प्रदेश के अंदर कहीं भी जा सकती हैं। कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी कोई किराया नहीं लगेगा। जनपद स्तर पर आयोजित समारोह में लगभग 800 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने सम्बोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल धागों का पर्व नहीं, बल्कि बहन और माता के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का संकल्प है। उत्तर प्रदेश सरकार हर कदम पर मातृशक्ति के साथ खड़ी है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना’ के जरिए माताओं और बहनों को 3 दिन की मुफ्त बस यात्रा की सौगात दी गई है, वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र की हमारी बुजुर्ग माताओं को जीवनभर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का अधिकार मिला है। यह निर्णय राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विधायक पीडीडीयू नगर रमेश जायसवाल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटी को जन्म से लेने से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई की सुविधा का एक प्लेटफार्म है। सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटी की शादी के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री अक्टूबर या नवंबर में प्रदेश की ₹50000 की बेटियों को जो स्नातक में पढ़ाई कर रही हैं को एक स्कूटी उपलब्ध करवाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के माध्यम से मां और बच्चे के पोषण को सुनिश्चित किया जा रहा है। उज्ज्वला योजना में रसोई से धुआं हटाया है। पक्का आवास सिर पर पक्की छत देकर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जा रही है. शौचालय से महिलाओं के सम्मान और गरिमा दी है। मुख्यमंत्री ने ‘मिशन शक्ति’ और ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा की गई। इस भव्य आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधिगण जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई द्वारा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को अंगवस्त एवं मीठा भेट कर कुशलक्षेम जाना । कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह इसके अलावा जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभागार में उपस्थित महिलाओं ने शासन द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और पर्व के इस विशेष आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
