श्रावण शिवरात्रि पर रिहंदेश्वर महादेव का हुआ भव्य रुद्राभिषेक

Spread the love

बीजपुर,सोनभद्र। श्रावण शिवरात्रि के पावन अवसर पर रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच भव्य रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आधुनिक वाद्ययंत्रों के साथ सुंदरकांड के सस्वर पाठ से हुई। इसके पश्चात मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने विधि-विधानपूर्वक रिहंदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक में सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जीसी साहू, आरएन वर्मा, उपमहाप्रबंधक निशांत कमल, केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल अनुराग प्रकाश, महासचिव प्रमोद दुबे सहित शशांक मालवीय, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, एसकेबी पाठक, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडे, सोनी पांडे, अनीता पाठक, हर्षिता उपाध्याय, आरती कुमारी, शशी श्रीवास्तव, भीष्म सिंह, भारत भूषण एवं पंडित विजय दुबे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन ने बताया कि पूरे श्रावण मास में रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तीन अगस्त से प्रतिदिन प्रातः बड़ी संख्या में श्रद्धालु डीएवी स्कूल के निकट टीटीएस स्थित शिव मंदिर से जल लेकर रिहंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर रहे हैं। वहीं कुछ श्रद्धालु एनएच-3 स्थित शिव मंदिर से भी जल लेकर रिहंदेश्वर धाम पहुंच रहे हैं।जलाभिषेक अभियान में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ शामिल हो रहे हैं। सायंकाल महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन तथा ‘ॐ नमः शिवाय’ महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाता है। इसके बाद रिहंदेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार और शयन आरती की जाती है तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाता है।
श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन हो रहे धार्मिक आयोजनों से रिहंदेश्वर धाम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से सावन मास में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान रिहंदेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *