बालिकाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए – सुश्री तेजस्वनी गौतम

Spread the love

जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर प्रयास और सही दिशा में मेहनत अत्यंत आवश्यक – अभिषेक अंदासु

“पुलिस बच्चों की दोस्त है”: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कोटा एवं पुलिस अधीक्षक बारां ने GEM बालिकाओं को किया प्रेरित

अंता । एनटीपीसी अंता द्वारा संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 के अंतर्गत आयोजित एक विशेष संवाद एवं प्रेरणा सत्र में कोटा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री तेजस्वनी गौतम (IPS) तथा बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु (IPS) ने बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में एनटीपीसी अंता के परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा ने दोनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए बालिका सशक्तिकरण अभियान को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास निर्माण एवं नेतृत्व क्षमता के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।संवाद के दौरान दोनों अधिकारियों ने बालिकाओं से खुलकर चर्चा की और कहा कि “पुलिस बच्चों की दोस्त है” तथा किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा या आपात स्थिति में बच्चों को बिना संकोच पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने बालिकाओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी देते हुए इनके महत्व से अवगत कराया।

सुश्री तेजस्वनी गौतम ने महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। उन्होंने राजस्थान पुलिस में महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों एवं आरक्षण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। बालिकाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि आज वे जिस लगन और उत्साह के साथ सीख रही हैं, वही उन्हें भविष्य में उच्च पदों तक पहुंचाएगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे विश्वास है कि आप में से कई बालिकाएं भविष्य में पुलिस सेवा में जाएंगी। आज मैं आपसे मिलने आई हूं, लेकिन 15 वर्ष बाद जब आप में से कुछ पुलिस अधिकारी बनकर मुझसे मिलने आएंगी, तब मैं गर्व के साथ आपको सलाम करूंगी।”

अभिषेक अंदासु पुलिस अधीक्षक बारां ने बालिकाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण एवं संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर प्रयास और सही दिशा में मेहनत अत्यंत आवश्यक है।

संवाद सत्र का सबसे आकर्षक पहलू बालिकाओं और दोनों पुलिस अधिकारियों के बीच हुआ खुला संवाद रहा, जिसमें बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक अनेक प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने उनके प्रश्नों का सहज एवं प्रेरणादायक ढंग से उत्तर देते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा उन्हें जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनटीपीसी अंता के वरिष्ठ अधिकारीगण, बालिका सशक्तिकरण अभियान से जुड़े मार्गदर्शक एवं कार्यक्रम समन्वयक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। एनटीपीसी अंता का बालिका सशक्तिकरण अभियान ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता के संवर्धन हेतु संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से सीखने तथा अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर प्रदान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *