एटीएस के नेतृत्व में चला संयुक्त अभियान, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
अंता, बारां। एनटीपीसी अंता में अचानक आतंकी हमले की सूचना से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। सूचना मिलते ही परिसर में हलचल तेज हो गई और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। देखते ही देखते एटीएस, ईआरटी, आरएसी, सीआईएसएफ, फायर विंग और स्थानीय प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों को परखा गया। हालांकि, यह पूरा घटनाक्रम एक सुनियोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी हमले अथवा आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का आकलन करना था।
मॉकड्रिल के नेतृत्व को ईआरटी एवं एटीएस टीमों द्वारा अंजाम दिया गया । अभ्यास के दौरान संबंधित एजेंसियों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करते हुए आपसी तालमेल और तत्परता का प्रदर्शन किया। इस संयुक्त अभ्यास में स्थानीय प्रशासन, एनटीपीसी प्रशासन, नगरपालिका अंता, नगर परिषद, बारां तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।
इस अवसर पर हवाई सिंह, एसडीएम अंता, नरेंद्र नाथ सिन्हा, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी अंता, पुष्पेंद्र सिंह आड़ा, उप अधीक्षक पुलिस, अंता श्री विपिन देशमुख, अपर महाप्रबंधक (ओ एंड एम), दिलेर सिंह कुहाड़, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा राधेश्याम मीणा, सहायक कमांडेंट, सीआईएसएफ, एनटीपीसी अंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न एजेंसियों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता और संयुक्त रूप से कार्रवाई करने की दक्षता का आकलन किया गया। इस प्रकार के अभ्यास औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
