हिन्डाल्को रेणुकूट में उत्साहपूर्वक मनाई गई गांधी जयंती

Spread the love

रेणुकूट । पुस्तकालय स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के आदर्शों, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में हिंडाल्को संस्थान के मुखिया  समीर नायक एवं एच आर हेड अजय सिन्हा, स्मेल्टर हेड जयेश पवार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ यूनियन के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आम जनमानस ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के प्रति अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक सद्भाव तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा की भावना को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। पुस्तकालय स्थापना दिवस के अवसर पर पुस्तकालय के ज्ञान, अध्ययन एवं सामाजिक जागरूकता के प्रसार में योगदान को भी रेखांकित किया गया। उपस्थित सदस्यों एवं नागरिकों ने पुस्तकालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसके निरंतर विकास की कामना की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर  अजय कुमार सिन्हा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग एवं योगदान देने वाले समस्त विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन प्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने सभी के सामूहिक प्रयास एवं सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। समग्र रूप से यह आयोजन श्रद्धा, प्रेरणा एवं सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम रहा तथा उपस्थित जनसमुदाय को दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *