सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह का शनिवार को सोनभद्र आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया गया। बैठक से पूर्व पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता भी हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल की अध्यक्षता और जिला महामंत्री संतोष शुक्ला के संचालन में आयोजित बैठक में आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह की मौजूदगी में संगठनात्मक रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और मतदाता संपर्क अभियान की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि रमेश सिंह ने कहा कि स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से योजनाबद्ध ढंग से जुटना होगा। संगठन की मजबूती, मतदाताओं से निरंतर संपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय से चुनावी तैयारियों को गति दी जाए। जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और मजबूत तैयारी जरूरी है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें और अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। जिलाध्यक्ष नंदलाल ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटें। बैठक में तय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र मौर्य, राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जीत सिंह खरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा एवं ओंकार केशरी, धर्मवीर तिवारी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, रामलखन सिंह, शीतला आचार्य, ज्योति खरवार, अमरेश चेरो, शंभू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, अमरेश पटेल, विशाल पांडेय, महेश्वर चंद्रवंशी, सरजू बैसवार, अशोक कुमार मौर्य, अनिल सिंह, मनोज सोनकर, प्रसन्न पटेल, मंजू गिरी, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, कृष्ण मुरारी गुप्ता, बीएन गुप्ता, कुसुम शर्मा, पुष्पा सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और मजबूत तैयारी जरूरी – काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह
