रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल
चंन्दौली। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण भारत सरकार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न मिष्ठान, डेयरी व शॉपिंग मॉल में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दूध, पनीर, खोया, बटर और सिरप समेत कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संगृहीत कर प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से मिलावटखोरों और मिलावटी सामान बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आईपी मुगल मॉल (मुगलसराय) मॉल स्थित आउटलेट्स से 04 फ्रूट सिरप, 01 बटर, 01 दूध और 01 क्रीम का सैंपल लिया।
यादव डेयरी (इंदिरानगर, चंदौली) से त्यौहार पर मावे की बढ़ती मांग को देखते हुए यहाँ से खोया, पनीर और दूध के नमूने संकलित किए गए। कैली रोड स्थित डेयरी से आईजीआरएस (IGRS) पर मिली पनीर में मिलावट की शिकायत के निस्तारण हेतु टीम ने मौके पर पहुँचकर कैली रोड स्थित डेयरी से पनीर का सैंपल सील किया। छापेमारी टीम का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी ने किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव एवं अरविंद कुमार मौके पर मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्रियां उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरी में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
