करीमनगर। एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी फ़ैज़ तैयब, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने बुधवार को एनटीपीसी रामागुंडम एवं तेलंगाना में बिजनेस यूनिट हेड/हेड ऑफ प्रोजेक्ट (BUH/HOP) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। एनटीपीसी में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले फ़ैज़ तैयब ने वर्ष 1990 में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के रूप में कंपनी में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने ऑपरेशन्स, कोल माइनिंग, भूमि अधिग्रहण, परियोजना विकास तथा संचालन एवं रखरखाव (O&M) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उन्होंने एनटीपीसी की कहलगांव, पतरातु, पकरी बरवाडीह, केरेडारी, लारा और दर्लीपाली सहित विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं में कार्य करते हुए अनेक महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी दायित्व संभाले हैं। उनके व्यापक अनुभव और तकनीकी एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञता से एनटीपीसी रामागुंडम एवं तेलंगाना में परियोजना विकास, परिचालन उत्कृष्टता और संगठनात्मक विकास को और गति मिलने की उम्मीद है। एनटीपीसी रामागुंडम एवं तेलंगाना परिवार ने फ़ैज़ तैयब का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं सार्थक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
