सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने दिनांक 24 सितंबर 2026 को 13वें भोपाल विज्ञान मेले में एनटीपीसी द्वारा “ग्रीन विजन” थीम पर स्थापित मेगा पवेलियन का दौरा किया। इस अवसर पर संजय प्रकाश यादव, अपर महाप्रबंधक(ईएमजी) ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री होता ने पवेलियन का उद्घाटन किया तथा वहाँ प्रदर्शित नवाचारों, इंटरैक्टिव एआर-वीआर मॉड्यूल और रोचक खेलों का अवलोकन किया। उन्होंने पवेलियन की आकर्षक प्रस्तुति, आगंतुकों के अनुकूल व्यवस्था एवं जीवंत ब्रांडिंग की सराहना की।

अपने दौरे के दौरान किशोर कुमार होता ने पुडिमाडाका में एनटीपीसी के आगामी ग्रीन हाइड्रोजन हब की जानकारी देते हुए संगठन की कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की पहलों में इसके रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल एनटीपीसी को एक एकीकृत ऊर्जा कंपनी के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। श्री होता ने पवेलियन की आकर्षक एवं सहभागिता पूर्ण प्रस्तुति की भी सराहना की, जिसने विभिन्न क्षेत्रों के आगंतुकों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों जैसे गेल, बीपीसीएल और एनपीसीआईएल के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा विज्ञान प्रेमियों को आकर्षित किया। उनके उत्साहवर्धक सुझावों एवं सराहना से पवेलियन के आयोजन में जुटी टीम को प्रोत्साहन मिला। इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल की ओर से वासुदेव दास, वरिष्ठ प्रबंधक (ग्रीन केमिकल्स); शंकरा सुब्रमणियम वी, उप प्रबंधक (नैगम संचार) एवं अंकुश मीणा, सहायक अधिकारी (ईएमजी) उपस्थित रहे।
