एनटीपीसी-विंध्याचल में राजभाषा विभागीय शील्ड प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी-विंध्याचल में 24 सितंबर को राजभाषा अनुभाग की ओर से सभी विभागों के बीच प्रतिष्ठित राजभाषा विभागीय शील्ड प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में परियोजना के लगभग 14 विभागों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभागिता की। प्रतियोगिता अत्यंत रोमांचक एवं कड़ी प्रतिस्पर्धात्मक रही। शील्ड जीतने के लिए सभी विभागों ने अपनी-अपनी ओर से भरसक प्रयास किया और अपनी श्रेष्ठता साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रत्येक विभाग ने अपने-अपने विभाग में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु वर्षभर किए गए कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा आकर्षक प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया।

सभी विभागों द्वारा तैयार की गई पीपीटी न केवल सूचनात्मक थीं, बल्कि अत्यंत शानदार, आकर्षक एवं रचनात्मक भी थीं। प्रस्तुतियों में हिंदी कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं, प्रोत्साहन योजनाओं, तकनीकी कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा नवाचारों का जीवंत चित्रण देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सभी विभागों ने इस प्रतियोगिता हेतु गंभीर तैयारी की थी और वर्षभर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु निरंतर एवं समर्पित प्रयास किए हैं। एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियों ने सभागार में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। यह आयोजन राजभाषा हिंदी के प्रति सभी विभागों की गहरी प्रतिबद्धता, सक्रिय सहभागिता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का जीवंत प्रमाण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *