एनटीपीसी विंध्याचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अभियंता दिवस 

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी कार्यपालक संघ, विंध्याचल (NEAV) द्वारा 15 सितंबर को उमंग भवन स्थित शहनाई हॉल में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। यह समारोह भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें इंजीनियरिंग क्षेत्र एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को श्रद्धा पूर्वक स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में ई. सत्य फणी कुमार, पूर्व क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी लिमिटेड) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा मणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रबंधन के सदस्य भी उपस्थित रहे।

समारोह का प्रमुख आकर्षण उत्कृष्ट युवा अभियंता पुरस्कार रहा, जिसके अंतर्गत 10 युवा अभियंताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं सराहनीय कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से युवा अभियंताओं की कार्यक्षमता, प्रतिबद्धता एवं संगठन के प्रति योगदान को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभियंताओं एवं उनके परिवार के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को आनंदित किया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह का समापन आपसी सौहार्द, सहयोग एवं मैत्रीपूर्ण वातावरण में हुआ। अभियंता दिवस का यह आयोजन विंध्याचल परिवार की प्रतिभा, उत्कृष्टता, एकजुटता एवं सामूहिक भावना का सुंदर प्रतिबिंब रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *