वेकोलि में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को भावभीनी आदरांजलि

Spread the love

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में आज 02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी आदरांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वेकोलि मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन) संदीप परांजपे, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) डॉ.अंजनी कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय मधुकर म्हेत्रे, संचालन समिति के सदस्य गण, विभागाध्यक्षों एवं कर्मियों ने भी दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और जनभागीदारी के मूल्यों का संदेश देता है। गांधी जी के लिए स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार थी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में चरितार्थ किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों की जयंती हमें अपने कार्यस्थल, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक प्रतिबद्धता के साथ निभाने की प्रेरणा देती है।

महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत गत पखवाड़े के दौरान वेकोलि मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, ‘स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता’, ‘कबाड़ से जुगाड़’, ‘कबाड़ से कला’, वेस्ट-टू-आर्ट एवं रंगोली जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा अपशिष्ट के रचनात्मक उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। ई-वेस्ट संग्रहण, पृथक्करण एवं जिम्मेदार निपटान पर भी विशेष जोर रहा। वेकोलि मुख्यालय एवं चंद्रपुर क्षेत्र में इस अभियान के तहत ई-वेस्ट कियोस्क स्थापित किया गया। स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए कबड्डी प्रतियोगिता, स्वच्छ बाजार, सामुदायिक स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय सहभागिता बढ़ाई गई। सफाई मित्र सुरक्षा शिविरों में चंद्रपुर, बल्लारपुर, वणी, वणी नॉर्थ, उमरेर, पेंच एवं पाथाखेड़ा क्षेत्रों में 690 से अधिक सफाई मित्रों, संविदा कर्मियों एवं सहायकों को स्वास्थ्य जांच एवं कल्याण संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं।

पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण तथा क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट्स का स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान, एसटीपी भ्रमण, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण एवं जल संरक्षण संबंधी जागरूकता गतिविधियों से स्वच्छता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया। वेकोलि मुख्यालय में 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को स्वच्छता एम्पावर्ड कमेटी ने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं निपटान, अभिलेख प्रबंधन, स्थान का समुचित उपयोग, कार्यस्थल की सुव्यवस्था एवं अनुशासन जैसे मानकों का आकलन किया गया। उत्कृष्ट विभागों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘क्लीनलिनेस एक्सीलेंस अवार्ड – वेकोलि मुख्यालय’ की पहल की गई है। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के निमित्त आयोजित इन पहलों के माध्यम से वेकोलि ने स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यालय के साथ-साथ वेकोलि के सभी क्षेत्रों में भी दोनों महान विभूतियों की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *