सोनभद्र। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के तहत एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विद्युत विहार कॉलोनी में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ हुई। इसके उपरांत एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर में स्थित वनिता समाज द्वारा संचालित टाइनी टॉट्स स्कूल में गाँधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ई. प्रभाकर राव, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सिंगरौली ने गाँधी जी एवं शास्त्री जी की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया तथा उनके जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सभी को स्वच्छता, सत्य, अहिंसा एवं सेवा भावना के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कामना की कि यह महान पर्व सभी के जीवन एवं कर्मक्षेत्र में सत्य, अहिंसा, शांति, स्वच्छता एवं सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करता रहे।
इस अवसर पर गाँधी जी के जीवन, उनके स्वच्छता संदेश एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता पर आधारित एक प्रेरणादायक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। वीडियो के माध्यम से गाँधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों एवं आदर्शों को रेखांकित करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात ई. प्रभाकर राव ने अपने प्रेरणादायक संदेश के माध्यम से सभी को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। गाँधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर ई. निर्मला राव, अध्यक्षा, वनिता समाज एवं सदस्याओं द्वारा भी माल्यार्पण किया गया एवं परस्पर सौहार्द और प्रेम का संदेश दिया गया। अध्यक्षा, वनिता समाज ने गाँधी जी के सत्य एवं अहिंसा के पथ पर चलने की अपील की। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान एनटीपीसी सिंगरौली में विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर में सभी कर्मचारीगणों, सीआईएसएफ, विद्यालय परिवार एवं टाउनशिप के नागरिकों द्वारा एक घंटे का श्रमदान कर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई भी की गई। इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के श्री अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी), ए.के. सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ), सिद्धार्थ मंडल, मानव संसाधन प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारीगण, वनिता समाज की सम्माननीय सदस्याएं, एनटीपीसी कर्मचारियों के परिवारजन, यूनियन एसोसिएशन के मानद प्रतिनिधिगण आदि सम्मिलित रहे।
