छठ पूजा को लेकर डीएम और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण

Spread the love

चन्दौली। छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित मानसरोवर तालाब और दामोदरदास पोखरा सहित प्रमुख घाटों पर पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की निरंतर साफ-सफाई एवं गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) और संक्रमण से बचाव के लिए पानी व घाट के किनारों पर चूने का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखा गया है। अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादी वर्दी (सिविल ड्रेस) में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पर्व को सकुशल संपन्न कराएं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पीडीडीयू नगर, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *