विश्व के महानतम नेताओं में शुमार थे देश के प्रथम प्रधानमंत्री युग पुरुष पंडित जवाहरलाल नेहरू 

Spread the love

नेहरू जी के विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान की बराबरी करना आज के बौने कद के नेताओं के वश की बात नहीं :

वाराणसी। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आधुनिक, आत्मनिर्भर, लोकतांत्रिक एवं वैज्ञानिक चेतना से सम्पन्न भारत के निर्माण की जो सुदृढ़ आधारशिला देश के प्रथम प्रधानमंत्री युगपुरुष पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने रखी थी, उसकी अमिट विकास गाथा आज भी देश के चप्पे-चप्पे पर दिखाई देती है। राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को न तो कभी विस्मृत किया जा सकता है और न ही उसे किसी संकीर्ण राजनीतिक दृष्टिकोण से कमतर करके आंका जा सकता है। नेहरू जैसे विराट व्यक्तित्व और युगदृष्टा नेता सदियों में कभी-कभार ही जन्म लेते हैं। आज सत्ता में बैठे अहंकारी और संकीर्ण सोच वाले लोग उनकी आलोचना करके भले ही स्वयं को बड़ा साबित करने का प्रयास करें, लेकिन उनके व्यक्तित्व की ऊंचाई और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की परछाईं तक पहुंच पाना भी उनके लिए संभव नहीं है।

उक्त विचार आज पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के अवसर पर इंग्लिशियालाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन के कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने व्यक्त किये। इसके पूर्व उपस्थित लोगों ने पंडित नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उच्चकोटि के विद्वान, चिंतक, विचारक, साहित्यकार, प्रखर लोकतंत्रवादी और दूरदर्शी राष्ट्रनायक थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व समर्पित कर उन्होंने वर्षों तक जेल की यातनाएं सहीं और देश को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद जब देश के सामने संसाधनों का अभाव, आर्थिक पिछड़ापन, अशिक्षा और सामाजिक विषमता जैसी गंभीर चुनौतियां थीं, तब उन्होंने अपने अद्भुत नेतृत्व, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प के सहारे आधुनिक भारत के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया।उन्होंने देश को केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे ज्ञान, विज्ञान, शिक्षा, कला, कौशल, उद्योग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए एक ऐसी मजबूत बुनियाद तैयार की, जिस पर आज के भारत की विकास यात्रा आगे बढ़ रही है। बड़े-बड़े वैज्ञानिक एवं तकनीकी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक उपक्रमों, उच्च शिक्षा और अनुसंधान की संस्थागत व्यवस्था को विकसित करने की उनकी दूरदृष्टि ने भारत को आधुनिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाई।वक्ताओं ने आगे कहा कि नेहरू जी का संपूर्ण जीवन और उनका प्रत्येक प्रयास राष्ट्र की एकता, अखंडता, आत्मनिर्भरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को समर्पित था।

उन्होंने भारत को केवल आर्थिक और वैज्ञानिक रूप से मजबूत बनाने का सपना नहीं देखा, बल्कि एक ऐसे समावेशी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील समाज की परिकल्पना की, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो। विश्व राजनीति में भी उन्होंने अपनी असाधारण बौद्धिक क्षमता, कूटनीतिक सूझबूझ और स्वतंत्र विदेश नीति के माध्यम से भारत को एक सम्मानजनक एवं प्रभावशाली पहचान दिलाई। पंचशील, विश्व शांति, गुटनिरपेक्षता और विश्व बंधुत्व की उनकी अवधारणाओं ने भारत को अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक विशिष्ट स्थान प्रदान किया।वक्ताओं ने आगे कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज की राजनीति में कुछ ऐसे नेता, जिनका अपना कोई ऐतिहासिक योगदान और दूरदर्शी राष्ट्र निर्माण का दृष्टिकोण नहीं है, वे पंडित नेहरू जी जैसे महान व्यक्तित्व की आलोचना करके स्वयं को बड़ा साबित करने में लगे हुए हैं। इतिहास को नकारने अथवा उसके महान नायकों को अपमानित करने से कोई व्यक्ति या विचारधारा महान नहीं बन जाती। किसी भी नेता का वास्तविक कद उसकी बयानबाजी से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कार्यों, दूरदृष्टि और राष्ट्र के प्रति उसके योगदान से निर्धारित होता है। नेहरू जी ने अपने जीवन और कर्मों से जो मानदंड स्थापित किये, उन तक पहुंचने के लिए केवल आलोचना नहीं, बल्कि वैसी ही राष्ट्रनिष्ठा, उदारता, बौद्धिक क्षमता और दूरदर्शिता की आवश्यकता होती है।

निश्चय ही पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान भारतीय इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों पर सदैव अंकित रहेगा। वर्तमान और आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों, आदर्शों और ऐतिहासिक योगदान से प्रेरणा लेती रहेंगी तथा राष्ट्र उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।

विचार गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सिंचाई आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय शंकर पाण्डेय ने की तथा संचालन फाउंडेशन के सचिव बैजनाथ सिंह ने किया। गोष्ठी में सर्वश्री राधे लाल एडवोकेट, भूपेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट, आनन्द सिंह, मनोज चौबे, विजय कृष्ण राय अन्नू, आनन्द मिश्रा, महेन्द्र सिंह चौहान, पुनीत मिश्रा, वैभव त्रिपाठी, ब्रह्मदेव मिश्रा, कमलाकांत पाण्डेय, विवेक सिंह एडवोकेट, पंकज मिश्रा एडवोकेट, सुभाष राम, अशोक कुमार पाण्डेय, युवराज पाण्डेय, पिन्टू शेख सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और अपने विचार व्यक्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *