दिशिता महिला मंडल की सेवा पहल 138 नौनिहालों को बांटे गर्म स्वेटर

Spread the love

13 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

अनपरा (सोनभद्र)। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और सेवा भावना का अनुकरणीय परिचय देते हुए दिशिता महिला मंडल, रेणुसागर द्वारा शुक्रवार, 13 नवंबर को रेनूपावर प्राथमिक पाठशाला में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ  सदस्या इंदू सिंह के नेतृत्व में कक्षा शिशु एवं कक्षा तीन के कुल 138 विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म स्वेटर वितरित किए गए। वहीं, पाठ्य सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ  इंदू सिंह ने बच्चों को स्वेटर वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्वेटर पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। इस पहल के माध्यम से महिला मंडल ने बच्चों के स्वास्थ्य, सुविधा एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।

इस अवसर पर महिला मंडल द्वारा विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी सराहनीय पहल की गई। विभिन्न पाठ्य सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल की सदस्य रीना जैन,  विभा सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, प्रीति वर्मा, विनीता सिंह एवं रजनी रुंगटा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका  सीमा दुबे ने दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं ग्रामीण परिवेश के बच्चों के लिए इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनमें उत्साह, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की सकारात्मक प्रेरणा भी पैदा करते हैं।दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की यह पहल शिक्षा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय का सुंदर उदाहरण बनी। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *