चन्दौली। बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बीच ग्राहकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर (रविवार) को बैंक खोलने का बड़ा निर्णय लिया गया है। इससे लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहने की गंभीर स्थिति टल गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से अनुमति मिलने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को इस रविवार को काम-काज संचालित करने की मंजूरी दी गई है। अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण सामान्यतः बैंक बंद रहते। इसके ठीक बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूएफबीयू (UFBU) की हड़ताल प्रस्तावित है। आम जनता की सुविधा को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं, उनसे जुड़े प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम-लिंक्ड शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह चालू रहेंगे। इस संबंध में जनपद चंदौली में संचालित सभी बैंकों को निर्देश पत्र जारी कर दिया गया है।
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उत्तर प्रदेश) के अनुसार, 28 से 30 सितंबर 2026 के हड़ताल अवधि के दौरान किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करने पर ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इसके अलावा रविवार को शाखाओं में नियमित काम-काज के साथ-साथ ग्राहक यूपीआई (UPI), IMPS, RTGS और NEFT के जरिए निर्बाध भुगतान कर सकते हैं। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और जिला प्रबंधक ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल के दौरान अपनी आवश्यकताओं के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) जैसी वैकल्पिक व डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही अपने जरूरी बैंकिंग कार्यों की तैयारी समय रहते पूरी कर लें।
