आलापुर, अम्बेडकर नगर। थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अन्तर्गत ग्राम बनकटा बुजुर्ग निवासी डीजे संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर से कुछ दूरी पर मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतक की शादी 25/26 नवम्बर को होनी तय थी लेकिन नियति ने शादी के एक हफ्ते पहले अर्थी उठा दिया। घर से कुछ दूरी पर शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया और सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मृतक की शादी निश्चित थी जो एक हफ्ते बाद होनी थी। परिजनों का आरोप है कि रविवार देर रात पड़ोसियों ने डीजे संचालक युवक की पीटकर हत्या कर दी।

मृतक की पहचान पिटू गौतम पुत्र स्वर्गीय लालचंद गौतम के रूप में हुई है। प्राप्त विवरण के अनुसार पिटू डीजे संचालन का काम करता था छठ पर्व पर डीजे बजाने के बाद वह देर रात घर लौटा था इसके बाद वह अपने घर में डीजे बजा रहा था तेज आवाज को लेकर पड़ोसी से उसकी रात में कहासुनी हो गई थी। कुछ देर बाद पिटू अपने घर के बाहर सोने चला गया।
आरोप है कि देर रात पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई इसके बाद शव को घर से करीब 30 मीटर दूर फेंक दिया गया। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया सूचना पर पहुंची राजेसुल्तानपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर रात में विवाद हुआ था युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है घटना की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
