लातेहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर बनहरदी कोयला खनन परियोजना की ओर से सामाजिक सहभागिता और सहयोग की सराहनीय पहल की गई। परियोजना प्रबंधन द्वारा धर्मपुर छठघाट तथा ग्राम बारी के टोला तुरियाडीह स्थित छठघाट पर श्रद्धालुओं के बीच फल वितरित किए गए। इसके साथ ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों छठघाटों पर टेंट की व्यवस्था भी कराई गई।

छठ पूजा के दौरान बारी के मुखिया एवं लाल जन्मेजय नाथ सहदेव सहित क्षेत्र के वरिष्ठ गणमान्य लोग अपने परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामीणों ने छठ पर्व के अवसर पर बनहरदी कोयला खनन परियोजना द्वारा किए गए सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को सुविधा मिलती है और कंपनी तथा स्थानीय समुदाय के बीच आपसी सहयोग एवं सौहार्द का भाव मजबूत होता है। परियोजना की इस पहल को स्थानीय ग्रामीणों ने सामाजिक सरोकार और सामुदायिक सहभागिता की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
