जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संत पंकज महराज का 88 वा पड़ाव
अहरौरा, मिर्जापुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज के सानिध्य में चल रही शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध, जनजागरण यात्रा अपने 88वें पड़ाव पर सोमवार को अहरौरा डीह पहुंची। जहां महाराज जी ने अपने संदेश में कहा जब हम इस संसार में पैदा हुये तो न कोई जाति या बिरादरी लेकर आया, न कोई मजहब लेकर आया, न कोई नाम लेकर आया सिर्फ नंगे रोते हुये पैदा हुये। परमात्मा के दिये मन, बुद्धि, चित्त से हमारे अन्दर चेतना आ गई हमारा नाम पड़ गया, कर्म के अनुसार हमारी जाति बन गई। धीरे-धीरे हमारा फैलाव दुनिया में होता चला गया। जब श्वांसों का भण्डार खाली हुआ तो धर्मराज के सिपाही आकर उस जीवात्मा को धर्मराज की कचहरी में पेश कर दिया। वहां जरा सी देर में हिसाब हो गया। आप को सजा दे दी कि ले जाओ इन्हें फला नर्क में डाल दो क्योंकि इन्होंने हमारे द्वारा दिये गये पाक-साफ शरीर को अपने बुरे कर्मों से गन्दा कर दिया।
आप सोचेंगे जब मृत्यु के बाद शरीर यहीं पड़ा रह गया तो किसे सजा मिलती है। ध्यान दीजिये हमारी आप की आत्मा स्थूल, लिंग, सूक्ष्म और कारण शरीरों में बन्द है। इस स्थूल शरीर के छूटने के बाद, लिंग शरीर में कर्मों का भुगतान कराया जाता है। खोटे-बुरे कर्मों को करने वाले जीवों को नर्कों में भयानक सजायें दी जा रही हैं। लाखों मील तक रोने चिल्लाने की आवाज जाती है। कोई बचाने वाला नहीं। जीवात्मा के कल्याण के लिये महाराज जी ने प्रभु प्राप्ति का सरल मार्ग नाम योग साधना को विस्तार से समझाया और इसे नित्य करने की अपील की।
सन्त महापुरुष साधना करके जब ऊपर के लोकों में जाते हैं इस भयावह दृश्य को देखकर द्रवित हो जाते हैं। वे उससे बचने का सन्देश देते हैं। बताई गई साधना से आप लोग भी इसे देख सकते हैं। इसलिये अशुद्ध खान-पान को त्याग कर मानव धर्म-कर्म का पालन करें। मानव धर्म यह है कि लोग शाकाहारी-सदाचारी व नशामुक्त रहकर एक-दूसरे की निःस्वार्थ भाव से सेवा करें। सत्य, दया, करुणा, प्रेम, अहिंसा के गुणों को अपनायें और अपनी आत्मा का कल्याण करा लें। यही असली मानव धर्म है।
उन्होंने बताया ‘जयगुरुदेव’ समय का सिद्ध नाम है जिसे बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने जगाया। इस नाम जहाज पर अगर दुनिया के सारे जीव बैठ जाय तो यह सबको पार कर देगा। जयगुरुदेव नाम के साथ यह संकल्प जुड़ा है कि ‘‘जन-जन की जबान पर जब जयगुरुदेव आयेगा, सच्ची स्वतंत्रता का तब आनन्द पायेगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री व प्रवक्ता मोती लाल सिंह, कान्ती देवी, नीरज कुमार मौर्य, रामजी चौहान, सूरज कुमार मौर्य, रामविलास गुप्त, अजय कुमार, चन्द्रमा यादव एवं सहयोगी संगत छत्तीसगढ़ के हेमशंकर पटेल, कमल पटेल, राम कुमार यादव, उपेन्द्र केशरी, जयकरन पटेल, यशवन्त साहू, अजय नायक, रिकेस्वर हिरवानी, देव सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे। आयोजन में कैलाश नाथ एवं दिनेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।
