यात्री सुविधाओं को उत्कृष्ट एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश मेमू कार शेड, कानपुर एवं ओल्ड वॉशिंग लाइन का निरीक्षण
पनकी धाम स्टेशन का किया गहन निरीक्षण
प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने आज कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन को ‘स्टेशन पुनर्विकास योजना’ के अंतर्गत आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबन्धक/कानपुर,आकांशु गोविल, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, हरिमोहन, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर (पंचम), अभिषेक तोमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मण्डल रेल प्रबन्धक ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं, प्रवेश एवं निकास क्षेत्रों, यात्री आवागमन, निर्माणाधीन संरचनाओं तथा अन्य विकास कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया।
उन्होंने स्टेशन पर संचालित खानपान स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित दरों पर बिक्री एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को खानपान स्टॉलों पर स्वच्छता एवं गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अतः निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
इसके पश्चात मण्डल रेल प्रबन्धक ने मेमू कार शेड, कानपुर एवं ओल्ड वॉशिंग लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, परिचालन संबंधी कार्यों तथा कोचों के रख-रखाव से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यस्थल पर संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा रख-रखाव कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले क्रम में मण्डल रेल प्रबन्धक ने पनकी धाम स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ स्टेशन मास्टर कक्ष का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष में उपलब्ध परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं संरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
