नागेपुर में बेटियों ने दिखाया हुनर, किशोरी समर कैम्प का हुआ भव्य समापन

Spread the love

 एक माह के प्रशिक्षण ने बढ़ाया आत्मविश्वास, दी दमदार प्रस्तुतियां

मिर्जामुराद, वाराणसी। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में किशोरियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक माह से संचालित किशोरी समर कैम्प का सोमवार को लोक समिति आश्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में किशोरियों ने अपने हुनर, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ खण्ड विकास अधिकारी आराजी सुरेंद्र यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा नागेपुर प्रबंधक इन्दर सिंह, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।.

  आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 मई से प्रारम्भ हुए इस समर कैम्प में नागेपुर सहित आसपास के लगभग बीस गांवों की 110 से अधिक किशोरियों ने भाग लिया। कैम्प के दौरान किशोरियों को आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि कैम्प में किशोरियों को ब्यूटीशियन, कम्प्यूटर, इंग्लिश स्पीकिंग, डांस, फैशन डिजाइनिंग, अचार एवं मुरब्बा निर्माण, सेल्फ डिफेंस तथा स्कूटी चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, स्वच्छता, नेतृत्व विकास, कानूनी अधिकारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। माहवारी स्वच्छता जागरूकता रैली, थाना भ्रमण, दीवार लेखन और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों को व्यवहारिक जीवन के अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

समापन समारोह में किशोरियों ने कैम्प के दौरान सीखे गए कौशल और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। “मुझे क्या बेचेगा रुपया” गीत पर प्रस्तुत नृत्य के माध्यम से दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया गया, जबकि फिल्म *दंगल* के गीतों पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और आत्मविश्वास को जीवंत रूप से मंचित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी दिए।

कार्यक्रम के आए मुख्य अतिथि प्रोफेसर गीता रानी और प्रगति पथ फाउण्डेशन के निदेशक दीपक पुजारी और नीलम पटेल द्वारा द्वारा सभी प्रतिभागी किशोरियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अवसर, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम का संचालन सोनी ने किया। स्वागत भाषण अम्बिका ने तथा धन्यवाद ज्ञापन अनीता ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर, आराजी लाइन प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार, आशा, मनीषा, मधुबाला, पूनम, प्रदीप, सिकन्दर, रोमा, प्रिया वर्मा, अम्बिका, शमा बानो, विद्या, श्यामसुन्दर, सुनील, प्रेमा, रामबचन, मंजिता, ज्योति, राधिका, विनोद,पंचमुखी, आशीष, आलोक, मनीष सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं किशोरियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *