एनटीपीसी अंता में भव्य समारोह के साथ शुरू हुआ बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 शुभारंभ
बारा । एनटीपीसी अंता के नेताजी सभागार में 18 मई 2026 को बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026 का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में ई. सत्य फणि कुमार, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र–1) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उप वन एवं वन्यजीव संरक्षक, कोटा अनुराग कुमार भटनागर ने अति विशिष्ट अतिथि तथा परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी अंता अनिल बवेजा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

मुख्य अतिथि ई. सत्य फणि कुमार ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बालिकाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, आवश्यकता केवल उनकी क्षमता को पहचानने और उचित अवसर प्रदान करने की होती है। उन्होंने कहा कि “बालिकाएं सशक्त होंगी तो देश सशक्त होगा। बेटियां किसी मंदिर की मूर्ति नहीं, बल्कि वह जलती हुई मशाल हैं जो गांव, समाज और राष्ट्र को रोशन करती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि आज की यही बालिकाएं भविष्य में किरण बेदी, द्रौपदी मुर्मू, कल्पना चावला और मैरीकॉम जैसी प्रेरणादायी हस्तियां बन सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं के अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने एनटीपीसी पर विश्वास कर अपनी बेटियों को इस एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु भेजा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अति विशिष्ट अतिथि अनुराग कुमार भटनागर ने अपने संबोधन में कहा कि एनटीपीसी की यह पहल अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि एक माह तक बालिकाओं को विविध गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं सीखने के अवसर प्रदान किए जाएंगे, जो उनके जीवन में दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव छोड़ेंगे। उन्होंने इस अभिनव सामाजिक पहल से जुड़ने का अवसर प्रदान करने हेतु एनटीपीसी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन बालिकाओं में योग्यता एवं कौशल की कोई कमी नहीं है, बल्कि आवश्यकता केवल संसाधनों और अवसरों की है। उन्होंने बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथि का स्वागत करते हुए उनके आगमन को बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख (पश्चिमी क्षेत्र–1) सुश्री वंदना चतुर्वेदी, अपर महाप्रबंधक (O&M) विपिन देशमुख, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेश जैन, अपर महाप्रबंधक (ईएम) संदीप कुमार सिंह चंदेल, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) दिलेर सिंह कुहाड़, सहायक कमांडेंट सीआईएसएफ राधेश्याम मीणा, सखी महिला समिति (प.क्षे.–1) की अध्यक्षा श्रीमती ईरामल्ली सरोजा, प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मनीषा बवेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दिलेर सिंह कुहाड़, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी अंता द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत संचालित यह बालिका सशक्तिकरण अभियान 18 मई से 16 जून 2026 तक चार सप्ताह की अवधि में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 राजकीय विद्यालयों की 50 बालिकाएं भाग ले रही हैं। कार्यक्रम के दौरान समस्त प्रतिभागी बालिकाओं को आवश्यक उपयोगी सामग्री युक्त किट भी वितरित की गई।
