रांची । सीएमपीडीआई ने भारत रत्न बाबा साहेब डा0 भीमराव रामजी अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर संस्थान के निदेशक (तकनीकी/ईएस) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी/आरडीएंडटी) नृपेन्द्र नाथ, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी,अधिकारी संघ के सदस्यों, श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों, एससी/एसटी/ओबीसी परिषद के प्रतिनिधियों, सिस्टा एवं ओबीसी संघ के प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर डा0 अंबेडकर के अमिट योगदान को याद किया। इस अवसर पर सिन्हा ने अंबेडकर जी के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया और कहा कि कैसे संविधान नागरिकों को सशक्त बनाता है और उनका चिरस्थायी मंत्र ‘‘शिक्षित करो, संघर्ष करो और संगठित हो जाओ’’ आत्मनिर्भर, सामाजिक सुधार और राष्ट्रीय प्रगति को बढ़ावा देता है।
मौके पर नाथ ने सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी भारत के लिए अंबेडकर जी के जीवन भर के संघर्षों के माध्यम से उनके सिद्धांतो को स्थापित करने पर जोर दिया। बिरसा उच्च विद्यालय के छात्रों ने अंबेडकर जी के संघर्षो को जीवंत रूप देने वाले नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर दशकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षा किस प्रकार व्यक्तियों को असमानता को दूर करने और एक न्यायपूर्ण, समतावादी समाज के निर्माण के लिए सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर एससी/एसटी/ओबीसी परिषद के प्रतिनिधि श्री गोरेलाल पासवान, सीआईएसटीईए (सिस्टा) के प्रतिनिधि श्री मनीष दोहरे और ओबीसी संघ के प्रतिनिधि श्री राजेश साव ने अंबेडकर जी की उपलब्धियों और नागरिकों के लिए समानता, स्वतंत्रता और गरिमा को बनाए रखने वाले कानूनों को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। डा0 अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में कर्मियों के बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं और कर्मियों के लिए आयोजित आन लाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को निदेशकद्वय ने पुरस्कृत किया।
