सीसीएल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सीसीएल सीएमडी  निलेन्दु कुमार सिंह ने गांधीनगर स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर निदेशकगण, सीवीओ, सीआईएसएफ के अधिकारी, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, श्रमिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सीएमडी ने देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ झारखंड के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। चालू वर्ष में कोयला उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के तहत सौर ऊर्जा, वृक्षारोपण, वर्षा जल संचयन एवं अन्य हरित पहलों की जानकारी दी। वहीं, ‘Surplus Mine Water Utilization’ से करीब 140 गांवों के ढाई लाख लोगों को लाभ मिलने तथा बचरा स्थित ‘कोल नीर बॉटलिंग प्लांट’ के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की बात कही।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय एवं ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीसीएल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने तिरंगे रंग के गुब्बारे उड़ाकर एकता और अखंडता का संदेश दिया। इसके पूर्व निदेशक (मानव संसाधन)  हर्ष नाथ मिश्र ने दरभंगा हाउस एवं गांधीनगर अस्पताल में ध्वजारोहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *