सिंगरौली । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनटीपीसी विंध्याचल के उमंग भवन में आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 की बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उनका स्वागत संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) तथा रूमा दे शर्मा,मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
साथ ही सिंगरौली के माननीय सांसद डॉ. राजेश मिश्रा,कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गौरव बेनल (आई ए एस) सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेम 2026 की बालिकाओं के साथ सहज, प्रेरणादायी एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा बालिकाओं के शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास निर्माण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बालिकाओं को अपने सपनों को आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प के साथ पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि बालिका सशक्तिकरण अभियान एनटीपीसी की एक प्रमुख सामाजिक पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा, जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।
