बच्चियों को उच्च शिक्षा देना अभिभावकों का नैतिक दायित्व- सुरेश सनातन
राष्ट्रशक्ति जागरण पर दिया जोर
मिर्जापुर। विश्व हिंदू परिषद द्वारा दुर्गाष्टमी के अवसर पर मंगलवार देर रात नगर के पुराना पोखरा स्थित मां दुर्गा महालक्ष्मी शक्तिपीठ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण, संस्कार निर्माण और राष्ट्रशक्ति जागरण पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने वीरांगनाओं के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में नारी की भूमिका को सशक्त बनाने तथा बालिकाओं को उच्च शिक्षा दिलाने का आहृवान किया। जिला संगठन मंत्री सुरेश सनातन ने रानी दुर्गावती, रानी कर्णावती और रानी लक्ष्मीबाई के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वीरांगनाओं का साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से सीख लेकर समाज में वीरता, संस्कार और राष्ट्रभावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने माँ दुर्गा के महिषासुर मर्दिनी स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि जिस प्रकार माँ दुर्गा ने आसुरी शक्तियों का विनाश किया, उसी प्रकार समाज में देवशक्ति के साथ राष्ट्रशक्ति को भी जागृत करके सामाजिक आसुरी शक्तियों का नाश करना होगा। उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिनों में मां के विभिन्न स्वरूपों से प्रेरणा लेकर अपने भीतर अच्छे संस्कारों का निर्माण करना चाहिए। जिला मंत्री कृष्ण गोपाल ने कहा कि दुर्गाष्टमी का यह आयोजन नारी सशक्तिकरण का संदेश देता है। नारी अबला नहीं, बल्कि सबला है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। सभी अभिभावकों का नैतिक दायित्व है कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाकर उनके भविष्य को सुदृढ़ बनाएं, ताकि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में मातृशक्ति की ओर से काजल पांडेय, किरण और प्रियंका की उपस्थिति रही।
