सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान (आरएलआई) द्वारा सतर्कता विभाग के सहयोग से सतर्कता जागरूकता माह के अंतर्गत 12 अक्टूबर को ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर अर्द्ध दिवसीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में एम.ए.के.पी. सिंह, पूर्व सदस्य (जलविद्युत), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण एवं पूर्व मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी, विद्युत मंत्रालय ने कर्मचारियों को उभरते साइबर खतरों एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में अतिथि वक्ता एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए डॉ. देबस्मिता त्रिपाठी, अपर महाप्रबंधक (आरएलआई) ने एनटीपीसी की सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति में साइबर स्वच्छता एवं डिजिटल सतर्कता को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल माध्यमों से होने वाले विभिन्न खतरों के प्रति सचेत रहने का आह्वान किया। साथ ही कर्मचारियों को अपने सहकर्मियों एवं संविदा श्रमिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पहुँचाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि डिजिटल सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता एवं सामूहिक सतर्कता से जुड़ी साझा जिम्मेदारी है।
एनटीपीसी विंध्याचल में साइबर खतरों से बचाव पर जागरूकता सत्र का आयोजन
