उपलब्धियों के गौरव और नए संकल्पों के साथ मना एनटीपीसी विंध्याचल का 45 वाँ स्थापना दिवस

Spread the love

सभी के सामूहिक प्रयासों ने विंध्याचल की उपलब्धियों और उसकी वर्तमान प्रतिष्ठा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई – किशोर कुमार होता

सोनभद्र, सिंगरौली। राष्ट्र का विशालतम विद्युत संयंत्र एनटीपीसी विंध्याचल का 45 वाँ स्थापना दिवस 12 नवम्बर को प्रशासनिक भवन परिसर में हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके उपरांत एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में  किशोर कुमार होता ने एनटीपीसी विंध्याचल की विकास यात्रा में योगदान देने वाले सभी विभागों एवं हितधारकों की सराहना की। उन्होंने अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त कर परियोजना तथा समूचे एनटीपीसी परिवार को गौरवान्वित करने के लिए पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों के समर्पण तथा संविदाकारों, विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं एवं मीडिया के सहयोग को रेखांकित करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों ने विंध्याचल की उपलब्धियों और उसकी वर्तमान प्रतिष्ठा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समारोह के दौरान सुरक्षा एवं गुणवत्ता की शपथ दिलाई गई तथा केक काटकर और गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस की खुशियाँ साझा की गईं।
इस अवसर पर एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), मनीष कुमार राय, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ), डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएँ), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम),  सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम),  टी एन सीतारामन, महाप्रबंधक (रसायन) सहित विभागाध्यक्षों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों तथा सुहासिनी संघ की सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही एनटीपीसी परिवार के कर्मचारियों, उनके परिजनों, विद्यालयों के प्राचार्यों, सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति ने समारोह को उल्लासपूर्ण बना दिया।

स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश करते हुए वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने कस्तूरबा कन्या छात्रावास, गनियारी वैढ़न की 20 छात्राओं को साइकिल वितरित कीं। यह पहल शिक्षा, समानता और सामुदायिक विकास के प्रति स्टेशन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है तथा एनटीपीसी के आदर्श वाक्य “पावरिंग प्रोग्रेस, एम्पावरिंग लाइव्स” को सार्थक रूप से मूर्त रूप देती है। तदोपरांत  ब्रिक्स सस्टेनेबिलिटी अभियान के अंतर्गत ईएमजी विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में कर्मचारियों की प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर ए के श्रीवास्तव द्वारा कविता का पाठ क्या गया। साथ ही सौरभ बनौधा, अपर महाप्रबंधक(आईटी) एवं उनके पुत्र ओंकार बनौधा ने बाँसुरी वादन से मधुर युगल गीत प्रस्तुत किया एवं रविन्द्र कुमार मिश्रा के संगीत प्रदर्शन ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
पूरे आयोजन का सफल संचालन मानव संसाधन, नगर अनुरक्षण तथा आईटी विभाग द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन सफल श्रीमती अनम खान, अधिकारी(मानव संसाधन) एवं भरत तवानीया, कार्यपालक प्रशिक्षु (मानव संसाधन) ने उत्कृष्टता के साथ किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक फोटोग्राफ के साथ हुआ, जिसमें विंध्याचल परिवार की एकता, उत्साह और गर्व झलकता था। एनटीपीसी विंध्याचल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि वह केवल ऊर्जा उत्पादन ही नहीं, बल्कि जीवन को सशक्त करने और सतत विकास की दिशा में अग्रसर रहने के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *