प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में 557वीं जयंती पर विचार संगोष्ठी, गुरुद्वारा के सेवादार सहित प्रबुद्धजनों का सम्मान
दुद्धी,सोनभद्र। सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल दुद्धी में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरुद्वारा के सेवादार अजीत सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान गुरु नानक देव के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। विशिष्ट अतिथि सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नंदलाल अग्रहरि ने कहा कि बदलते परिवेश में कुटुंब और परिवार का विघटन चिंताजनक है। गुरु नानक देव का सामाजिक भाईचारे का संदेश आज भी प्रासंगिक है और सभी को इसे अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक डॉ.लवकुश प्रजापति ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं संगत, पंगत और सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए जाति-पाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर एकता एवं सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। कन्हैयालाल अग्रहरि, आलोक अग्रहरि एवं जवाहरलाल एडवोकेट ने विद्यालय में सांस्कृतिक विरासत को संजोने के प्रयासों की सराहना की तथा गुरु नानक देव के जीवन से जुड़े प्रसंग साझा किए। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से अतिथियों का सम्मान किया गया। मोनिका सिंह एवं शमीम द्वारा अरदास और भजन की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर दुद्धी जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने किया। इस मौके पर मैनेजर जावेद अहमद, यशस्वी कपूर, रेशमा सुब्बा, सुशांत छेत्री, बलवंत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
