आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

Spread the love

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

चन्दौली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग व अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर द्वारा पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रमुख मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), सड़कों की मरम्मत, आवश्यकतानुसार डायवर्जन व्यवस्था, पार्किंग स्थल, भीड़-भाड़ के प्रभावी नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही निर्देश दिए गए कि सड़कों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, सड़क किनारे खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मंदिरों एवं मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा, पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था एवं सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, समस्त उप-जिलाधिकारीगण समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *