बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाईन ठगी के 37,731 रुपये पीड़ित के खाते में कराये वापस

Spread the love

बीजपुर, सोनभद्र। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस के प्रयास से पीड़ित के खाते में ठगी के 37,731.20 रुपये वापस करा दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव निवासी सौरभ मजूमदार पुत्र निर्मल मजूमदार के साथ अज्ञात व्यक्ति ने लिंक के माध्यम से पैसे भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर 37,731.20 रुपये की ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
 प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने जांच शुरू की। टीम ने पोर्टल का अवलोकन कर ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर संबंधित बैंक शाखा को रिफंड के लिए अनुरोध भेजा। पुलिस के प्रभावी प्रयास से पूरी धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
 ठगी की धनराशि वापस कराने में उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय,आरक्षी सरोज,अमित कुमार,श्रीकृष्ण तथा महिला आरक्षी निहारिका पाण्डेय शामिल रहे। पुलिस टीम ने लोगो से अपील किया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *